हल्द्वानी-स्मीर्ट मीटर के विरोध में पार्षदों ने मुख्यमंत्री को भेजा खून से लिखा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। स्मार्ट मीटरों के विरोध में हल्द्वानी की सड़कों पर बुधवार को जनाक्रोश खुलकर दिखाई दिया। पार्षदों के नेतृत्व में सैकड़ों लोग तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क से जुलूस निकालते हुए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां जोरदार धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की गई।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम खून से लिखा ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी को सौंपते हुए स्मार्ट मीटरों की जांच, बढ़े हुए बिजली बिलों को निरस्त करने और विवादित बिलों की वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।

उनका आरोप है कि सामान्य खपत के बावजूद कई गुना अधिक बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पार्षद रोहित कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों को ऐसे बिजली बिल मिल रहे हैं, जिन्हें देखकर उपभोक्ता हैरान और परेशान हैं।

यह भी पढ़ें 👉  भारी बारिश का अलर्ट...कल 10 जुलाई को स्कूलों में रहेगी छुट्टी

उनका कहना था कि जितनी बिजली की खपत नहीं हो रही, उससे कई गुना अधिक राशि के बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद जारी हुए सभी बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, गलत पाए जाने वाले बिलों को माफ किया जाए तथा जांच पूरी होने तक विवादित बिलों की वसूली तत्काल रोकी जाए। साथ ही उन्होंने पुराने मीटरों को दोबारा लगाने की भी मांग उठाई। धरने में शामिल महिलाओं ने भी स्मार्ट मीटरों को लेकर अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिलों ने परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर डाला है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी से सोमनाथ धाम के लिए श्रद्धालुओ का दल रवाना, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी

घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और अब हर महीने बिजली बिल जमा करने की चिंता सबसे बड़ी समस्या बन गई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में पार्षद सलीम सैफी, रईस अहमद (गुड्डू), मोकिन सैफी, नदीम सैफी, समीर, हरिमोहन मोना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Ad