नैनीताल की झील में आल सेंट स्कूल के कर्मचारी की लाश मिली

नैनीताल। नैनीताल की प्रसिद्ध नैनीझील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। शनिवार सुबह मल्लीताल क्षेत्र स्थित एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर और मां मायना देवी मंदिर के समीप झील में एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:22 बजे किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल 112 पर फोन कर नैनीझील में शव होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस टीम वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव को झील से बाहर निकाला।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान मृतक की जेब से ₹4000 नकद बरामद हुए। बाद में मृतक की पहचान ऑल सेंट्स स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत लगभग 48-50 वर्षीय महिंदर चौहान के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत कुछ ही समय पहले डूबने से हुई है।
शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बी.डी. पाण्डे अस्पताल भेज दिया गया है। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी झील किनारे पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त की।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी मनीष साह का शव नैनीझील से बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में नैनीझील से शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में चिंता और कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।




