तंत्र-मंत्र के चक्कर में छह वर्षीय बच्चे की मौत….धाम संचालक व सेवादारों की कुटाई (उत्तराखंड का मामला)

काशीपुर। शिवलालपुर अमरझंडा में एक व्यक्ति यहां लगाए जाने वाले दरबार में दादी के साथ आए छह वर्षीय बच्चे की तंत्र-मंत्र के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दादी की सूचना पर बालक के कई परिजन तीन-चार गाड़ियों से धाम पर पहुंचे और धाम संचालक व उनके सेवादारों की जमकर पिटाई कर डाली।
इसके बाद वे संचालक व एक सहयोगी को गाड़ी में डालकर ले गए और चंदौसी ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार जनपद मुरादाबाद के हरथला निवासी सत्यवीर सिंह ने सात साल पूर्व ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा में प्रत्येक मंगलवार को श्री बाला जी महाराज का दरबार लगाना शुरू किया था।
यहां तंत्र-मंत्र, ऊपरी हवा, गांठ, पथरी से लेकर कैंसर तक के इलाज का दावा किया जाता है। यहां 27 जुलाई को थाना कुंडा फतेहगढ़, चंदौसी जिला संभल के गांव बेरनी निवासी गंगाशरण की पत्नी वीरवती अपने छह वर्षीय पोते अर्पित यादव को लेकर पहुंची थीं। बच्चे को दौरे पड़ने की शिकायत थी। मंगलवार को दरबार में तंत्र विद्या के दौरान मासूम अर्पित की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वीरवती ने मामले की सूचना बालक के पिता को दी।
सूचना मिलते ही बच्चे का पिता सुगर सिंह, उसका भाई उमेश, अवधेश और विद्याराम समेत करीब 15-16 लोग गाड़ियां लेकर धाम पहुंच गए। इन लोगों ने धाम के महंत सत्यवीर, सेवादार प्रशांत व रोहित के साथ मारपीट की और उन्हें गाड़ियों में डालकर अपने साथ ले गए। रास्ते में रोहित गाड़ी के कूदकर भाग गया। चंदौसी प्राथमिक केंद्र में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सीओ चंदौसी विवेक जावला ने बताया कि बुधवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। उधर, आईटीआई कोतवाल मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।



