कालाढूंगी पहुंचा धामी सरकार कर दरबार….जन कल्याणकारी शिविर में 190 शिकायतें पहुंचीं, 165 का मौके पर हुआ निस्तार

हल्द्वानी। राज्य सरकार के श्सेवा, सुशासन एवं समर्पणश् अभियान के तहत शनिवार को कालाढूंगी स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जन कल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 190 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 165 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं करीब 410 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला।
शिविर का शुभारंभ कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और एसडीएम सुधीर कुमार ने किया। शिविर में सिंचाई, वन, राजस्व, जल जीवन मिशन, विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, आय, जाति, निवास एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों की समस्याएं सुनी गईं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक लाभार्थी को 25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। साथ ही पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई।
शिविर में विधायक और उपजिलाधिकारी ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को अधिकांश मामलों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। जिन मामलों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं था, उनमें समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
इस दौरान देवलचौड़ में जल जीवन मिशन के कार्य से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, नया गांव-बाजपुर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर निर्माण, गुलजारपुर बाकी को मुख्य सड़क से जोड़ने, विद्युत पोल बदलने और झुके हुए पोलों को सीधा करने जैसी शिकायतों पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।




