हल्द्वानी में विवादों की ‘नुमाइश’…दो पहिया गाड़ियों पर ‘तांडव’

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में लगी नुमाइश एक बार फिर विवादों में आ गई है। नुमाइश शुरू होने के साथ ही मंगलवार देर रात बाहर अराजक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। पार्किंग के रूप में इस्तेमाल हो रही सड़क पर खड़े 50 से अधिक बाइक और स्कूटी को एक-एक कर गिरा दिया गया, जिससे कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ नुमाइश देखने पहुंचे थे। मैदान में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिकांश लोगों ने अपने दोपहिया वाहन एमबी इंटर कॉलेज मैदान के पास जगदंबा नगर जाने वाली गली के किनारे खड़े कर दिए थे। देर रात कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और सड़क किनारे खड़े वाहनों को धक्का देकर गिराना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में कतार में खड़ी दर्जनों बाइक और स्कूटी एक-दूसरे पर गिरती चली गईं।
घटना में कई वाहनों के शीशे, इंडिकेटर, हैंडल और बॉडी क्षतिग्रस्त हो गए। नुमाइश से लौटे वाहन स्वामी अपनी गाड़ियां टूटी हुई देखकर हैरान रह गए। कई लोगों को हजारों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा। घटना के बाद एक पीड़ित ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में सड़क किनारे दूर तक गिरी हुई बाइक और स्कूटी साफ दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने पुलिस से फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी पीड़ित की ओर से तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  काठगोदाम-दिल्ली के बीच वंदे भारत चलाने की मांग तेज, सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की मुलाकात

पार्किंग संचालक पर लगे आरोप, दूसरा वीडियो भी वायरल
घटना से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दो युवक एक व्यक्ति से तीखी बहस करते दिखाई दे रहे हैं। युवक आरोप लगा रहे हैं कि संबंधित व्यक्ति ने सड़क किनारे खड़े उनके वाहनों को गिराया। वीडियो में युवक यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि पार्किंग का ठेका केवल नुमाइश परिसर के भीतर है, ऐसे में सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने या गिराने का अधिकार किसने दिया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी सेक्स रैकेट केस में पुलिस का बड़ा एक्शन... राहुल जायसवाल गिरफ्तार

फायर एनओसी और सुरक्षा इंतजामों की भी होगी जांच
घटना के बाद नुमाइश में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अग्निशमन अधिकारी महेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि विभाग को पत्र प्राप्त हुआ है। नुमाइश में लगाए गए अग्नि सुरक्षा उपकरणों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। यदि जांच के दौरान कोई खामी पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी उठे सवाल
घटना के बाद नुमाइश की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नुमाइश पहुंच रहे हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में भारी ट्रैफिक दबाव बना रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीड़ के अनुपात में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती नहीं की गई, जिसका फायदा अराजक तत्वों ने उठाया।

लापरवाही मिली तो आयोजकों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कहा कि नुमाइश स्थल और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया जाएगा। यदि कहीं लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की अराजकता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Ad