हल्द्वानी-शादी समारोह में पानी पीने पर दो दलित भाइयों से मारपीट! चार लोग हिरासत में

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। 10 मई रविवार की रात गौलापार क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान पानी पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि डीजे चला रहे दो दलित भाइयों के साथ बारात पक्ष के कुछ लोगों ने मारपीट की और जातिसूचक टिप्पणियां कीं। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। घटना से नाराज ग्रामीणों और महिलाओं ने काठगोदाम कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्रतारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने नामजद चोर लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसर देवला मल्ला निवासी उमेश चंद टम्टा ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि बीती रविवार 10 मई की रात गांव में आयोजित विवाह समारोह में उसका भाई शुभम टम्टा डीजे संचालित कर रहा था। उमेश का साला भी उसके साथ सहयोग कर रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  चम्पावत के सामूहिक दुष्कर्म का मामला पूरा पलट गया- पुलिस ने कहा गैंगरेप नहीं साजिश..

इसी दौरान शुभम ने पास में रखे बर्तन से पानी पी लिया, जिस पर वहां मौजूद कुछ युवकों ने आपत्ति जताई। आरोप है कि बात बढ़ने पर युवकों ने शुभम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते कई लोग वहां पहुंच गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए शुभम को बेरहमी से पीटा। घटना की जानकारी मिलने पर उमेश मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उसके सिर पर चाकू से हमला किया गया। मारपीट में घायल शुभम को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया जहां पर उसका उपचार चल रहा है। घटना से नाराज ग्रामीणों और महिलाओं ने काठगोदाम कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना में नामजद चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Ad