एक पल में बिछड़ गई दोस्ती…साथ निकले थे घर से, अब एक दोस्त हमेशा के लिए खामोश, दूसरा आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा (सिद्धार्थ-अयान) Haldwani

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी/लालकुआं। गुरुवार रात तक सब कुछ सामान्य था। दो जिगरी दोस्त रोज की तरह साथ निकले थे। किसी को क्या पता था कि यह सफर उनकी दोस्ती का आखिरी सफर बन जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर गोरापड़ाव कट के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की दुनिया बदल दी। एक दोस्त हमेशा के लिए इस दुनिया से विदा हो गया, जबकि दूसरा अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

15 वर्षीय सिद्धार्थ और उसका पड़ोसी दोस्त आयान खान बचपन से एक-दूसरे के साथी थे। दोनों का अधिकांश समय साथ ही बीतता था। स्कूल जाना हो, बाजार जाना हो या शाम की सैर, दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ दिखाई देते थे। मोहल्ले में भी उनकी दोस्ती मिसाल मानी जाती थी।

यह भी पढ़ें 👉  चार जुलाई से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, तैयारियां पूरी, पांच जुलाई को मुख्यमंत्री पहले दल को दिखाएंगे हरी झंडी

गुरुवार रात भी दोनों एक साथ बाइक से निकले थे। लेकिन गोरापड़ाव कट के पास रॉन्ग साइड से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक आग की लपटों में घिर गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिद्धार्थ जिंदगी की जंग हार गया। आयान अब भी आईसीयू में भर्ती है।

सिद्धार्थ की मौत के बाद उसके घर में मातम पसरा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आयान के परिवार की निगाहें अस्पताल के आईसीयू के दरवाजे पर टिकी हैं। वे हर पल उसके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  मानसून से पहले हाई-अलर्ट- नैनीताल जिले के 5 सेंसिटिव जोन में आपदा से निपटने की तैयारी

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे लालकुआं क्षेत्र को झकझोर दिया है। जिस दोस्ती की मिसाल लोग देते थे, वह अब एक ऐसी याद बन गई है जिसे याद कर हर आंख नम हो रही है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों दोस्त हमेशा साथ रहते थे, लेकिन किसी ने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन एक दोस्त हमेशा के लिए बिछड़ जाएगा और दूसरा जिंदगी के लिए संघर्ष करता नजर आएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Ad