अल्मोड़ा में गैंगस्टर भूपेश कुमार बॉबी की कार जब्त, गैंगस्टर्स की सम्पत्ति का रिकॉर्ड खांगालेगी पुलिस

अल्मोड़ा। जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। भतरौंजखान पुलिस ने गैंगस्टर भूपेश कुमार पर कार्रवाई करते हुए कार जब्त की है। वहीं, अन्य गैंगस्टरों की संपत्ति का रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामलों में संलिप्त अभियुक्तों की ओर से अवैध व्यापार से अर्जित आय से क्रय की गई संपत्तियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
फरवरी 2025 में भतरौंजखान में पुलिस ने एक कार से 42.515 किग्रा गांजा बरामद किया था। गांजा तस्करी में जीवन आर्या उर्फ जग्गू, रोहित कुमार और भूपेश कुमार उर्फ बॉबी को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी अभियोग पंजीकृत किया था। गैंगस्टर एक्ट की जांच में आरोपी भूपेश कुमार उर्फ बॉबी की संपत्ति को मादक पदार्थों की तस्करी से किए जाने पुष्टि हुई। कार्रवाई करते हुए भतरौजखान एसओ अवनीश कुमार आरोपी भूपेश कुमार उर्फ बॉबी पुत्र आनंद सिंह निवासी नई बस्ती लालडांग, रामनगर नैनीताल की स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया है।



