Haldwani—जलभराव रोकने को बनभूलपुरा में चला बुलडोजर, 20 से अधिक अतिक्रमण ध्वस्त

हल्द्वानी। जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालियों पर किए गए 20 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नालियों पर अवैध निर्माण होने से बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही थी। इसके चलते बरसात में सड़कें जलमग्न हो जाती थीं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई लोगों ने इसका पालन नहीं किया। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। अधिकारियों ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।




