हल्द्वानी-तेज़ रफ्तार बस की चपेट में आकर चार साल की मासूम की मौत, हादसे का मंज़र देख भड़का जन आक्रोश

हल्द्वानी। भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आकर पांच वर्षीय मासूम कनक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। मां रामकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी जीवन लाल रानीबाग क्षेत्र में मजदूरी करते हैं।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी रामकुमारी अपनी चार वर्षीय बेटी कनक को नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर घर लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कनक सड़क पार कर रही थी कि तभी रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस यूके 06 पीए 1726 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची बस के अगले हिस्से में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। लापरवाही का आलम यह रहा कि बस करीब 20 मीटर तक मासूम को घसीटती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बस रुकवाई, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी थे जो किसी तरह बच निकले।
घटना के बाद मां बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ी, जबकि परिजन बदहवास होकर बिलखते रहे। यह हृदयविदारक दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। भीड़ ने रोडवेज बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तिकोनिया से भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया गया और जाम खुलवाया गया। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारु हो सका। पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मासूम कनक की असमय मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। जिसने भी यह मंजर देखा, वह सिहर उठा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते बस रोक देता, तो शायद मासूम की जान बच सकती थी।




