हल्द्वानी में इस तिथि को मनायी जाएगी होली, सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय

हल्द्वानी। होली पर्व की तिथि को लेकर चल रहे असमंजस के बीच मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी की अध्यक्षता में शहर के पंडितों और रामलीला कमेटी के साथ बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस साल होली पर्व 15 मार्च को मनाया जाएगा।
बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि 9 मार्च को सुबह 9 बजे होलिका मैदान में चीर पूजन और रंग धारण किया जाएगा। वहीं, 13 मार्च को सुबह 10 बजे होलिका पूजन होगा, और रात 11:27 बजे होलिका दहन किया जाएगा।
सभी विद्वानों ने यह भी कहा कि पूरे देश में राष्ट्रीय पर्व एक ही दिन मनाए जाने चाहिए। आगामी दीपावली पर्व को लेकर भी इसी तरह का समाधान निकाला जा सकता है। इस संबंध में शंकराचार्यों और विभिन्न राज्य सरकारों से बातचीत की जा रही है ताकि एक राष्ट्र एक पर्व का संकल्प पूरा किया जा सके। हालांकि, महाकुंभ के कारण शंकराचार्यों से संपर्क नहीं हो पाया।
बैठक में डॉ. जगदीश चंद्र भट्ट, गोपाल दत्त भट्ट, गोपाल त्रिपाठी, विवेक कश्यप, डॉ. नवीन चंद्र जोशी जैसे प्रमुख विद्वान भी उपस्थित रहे।
