IG निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमाऊं की कमान, चार्ज लेते ही पहुचीं कैंची धाम

नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का कार्यभार संभाल लिया है। जिम्मेदारी ग्रहण करते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, नशे के खिलाफ अभियान और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
पत्रकारों से बातचीत में आईजी कुकरेती ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया जाएगा तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस और पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर समिति और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।




