हल्द्वानी में डीएम खुद उतरे सड़क पर, बिना हेलमेट वाहन चालकों को बांटे ‘उपहार’

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को अनूठी पहल करते हुए स्वयं सड़क पर उतरकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि लोगों में अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जीवन रक्षक उपाय है और दुर्घटना की स्थिति में सिर पर गंभीर चोट लगने की आशंका को काफी हद तक कम करता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि कभी भी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने तथा सड़क पर सतर्क रहने की भी सलाह दी।
जिलाधिकारी की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन के ऐसे जागरूकता अभियान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




