सऊदी अरब में घर के दरवाजे पर स्वास्तिक बनवाकर मुसीबत में पड़ गया भारतीय इंजीनियर, पुलिस ने कुछ और समझ लिया, मुस्लिम युवक की सूझबूझ काम आई

ख़बर शेयर करें -

आंध्र प्रदेश के एक 45 वर्षीय इंजीनियर को सऊदी अरब में उस समय बुरे हालातों का सामना करना पड़ गया जब उसके एक पड़ोसी की शिकायत पर पुलिस उसे गिरफ्तार करके ले गयी। वो भी सिर्फ इस गुनाह पर कि उसने अपने फ्लैट के दरवाजे पर स्वास्तिक का चिन्ह बनवा लिया था। दरअसल पड़ोसी ने उस निशान को हिटलर का नाजी निशान समझ लिया था, जिसके बाद उसने पुलिस में इसकी शिकायत कर दी और पुलिस ने भी भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। अब समझाने के बाद पुलिस समझ गई है कि यह निशान स्वास्तिक है, नाजी निशान नहीं लेकिन शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के चलते भारतीय इंजीनियर को बेवजह दो दिन जेल में बिताने होंगे।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर के रहने वाले एक इंजीनियर बीते एक साल से भी ज्यादा समय से सऊदी अरब में रहकर नौकरी कर रहे हैं। करीब 15-20 दिन पहले ही इंजीनियर ने अपने परिवार को भी सऊदी अरब बुला लिया था। परिजनों ने अपनी धार्मिक मान्यता के चलते अपने फ्लैट के गेट पर स्वास्तिक का निशान बना दिया। स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को इसकी शिकायत की और कहा कि उसकी जान को खतरा है। एनआरआई एक्टिविस्ट मुजम्मिल शेख भारतीय इंजीनियर की मदद के लिए आगे आए और उन्होंने अधिकारियों को समझाया तो आखिरकार पुलिस वाले मान गए। हालांकि शनिवार और रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते भारतीय इंजीनियर को बिना किसी अपराध के दो दिन जेल में बिताने होंगे।

Ad