गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर श्रद्धालुओं के लिए खुले, चारधाम यात्रा का शुभारंभ

गंगोत्री में गूंजे जयकारे, मुख्यमंत्री ने किए मां गंगा के दर्शन | सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु विधिवत रूप से खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
गंगोत्री धाम में सुबह 10:30 बजे अभिजीत मुहूर्त में कपाट खोले गए। विशेष बात यह रही कि इस वर्ष पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। कपाटोद्घाटन के पावन क्षण पर समूचा गंगोत्री धाम ‘जय मां गंगे’ के उद्घोषों से गूंज उठा।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गंगोत्री धाम पहुंचे और मां गंगा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। धाम में देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विग्रह मूर्ति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर को करीब 15 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही अब अगले छह माह तक श्रद्धालु मां गंगा और यमुना के दर्शन कर सकेंगे।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा उपाय किए हैं।
-
10 स्थानों पर आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) तैनात रहेगा।
-
10 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स और 17 कंपनी पीएसी यात्रा मार्गों पर तैनात की गई हैं।
-
65 स्थानों पर एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं।
-
करीब 6000 पुलिसकर्मी यात्रा मार्ग की सुरक्षा में जुटे हैं।
-
2000 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्ग की 24×7 निगरानी की जा रही है।
-
सभी गतिविधियों की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से रियल टाइम में प्राप्त की जा रही है।
