uttarakhand में मानसून की आहट_जानिए कब से बदलने वाला है मौसम का मिजाज़…

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की आहट अब साफ सुनाई देने लगी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड में प्रवेश कर सकता है। वर्तमान परिस्थितियां मानसून के लिए पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून गुजरात और उत्तर अरब सागर क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा तथा इसके बाद उत्तराखंड के कई हिस्सों में दस्तक दे सकता है।
मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
देहरादून में झमाझम बारिश से मिली राहत
बुधवार को राजधानी देहरादून में सुबह तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादल छा गए और कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री, मुक्तेश्वर में 23.2 डिग्री और नई टिहरी में 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा और मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश का दायरा भी विस्तृत हो सकता है।




