NEET की तैयारी करने मध्यप्रदेश से हल्द्वानी आई छात्रा की लाश पंखे से लटकी मिली, सुसाइड नोट नहीं मिला

हल्द्वानी। नीट परीक्षा की तैयारी के लिए मध्य प्रदेश से हल्द्वानी आई एक 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो छात्रा का शव पंखे के कुंडे के सहारे दुपट्टे से लटका मिला। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है तथा परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मानीपुरा, कोलारस, शिवपुरी (मध्य प्रदेश) निवासी रघुवीर जाटव ने अपनी 19 वर्षीय बेटी अंजली जाटव को नीट की तैयारी के लिए हल्द्वानी भेजा था। अंजली मुखानी थाना क्षेत्र स्थित प्रदीप एकेडमी में पढ़ाई कर रही थी और वहीं हॉस्टल में रहती थी। मंगलवार रात एक युवक ने पहले अंजली की एक दोस्त और फिर उसके परिजनों को फोन कर बताया कि अंजली का फोन नहीं उठ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि छात्रा 30 मई को पढ़ाई के लिए हल्द्वानी आई थी। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बेटे की सफलता के बाद बेटी को भेजा था हल्द्वानी
परिजनों के अनुसार रघुवीर जाटव ने इससे पहले अपने बेटे को भी नीट की तैयारी के लिए हल्द्वानी भेजा था, जिसने यहां से पढ़ाई कर परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। इसी विश्वास के साथ उन्होंने अपनी बेटी अंजली को भी हल्द्वानी भेजा था, लेकिन महज 24 दिन बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उसे आखिरी कॉल करने वाले युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।




