ऑपरेशन प्रहारः हल्द्वानी में पुलिस ने 66 लाख की स्मैक पकड़ी, एक गिरफ्तार

हल्द्वानी। ऑपरेशन प्रहार के तहत बीती रात्रि वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने युवाओं में नशे का जहर घोलने वाले एक शातिर स्मैक तस्कर को 66 लाख 30 हजार की स्मैक (221 ग्राम) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी तस्कर पर कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया। बुधवार को बहुद्देशीय भवन सभागार में स्मैक तस्करी का खुलासा करते हुए एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाल विजय मेहता व एसओजी प्रभारी राजेश जोशी की अगुवाई में टीम भोटिया पड़ाव क्षेत्र में वाहन चैकिंग कर रही थी तभी एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया लेकिन युवक टीम को देख भागने लगा। शक होने पर टीम ने घेराबंदी करते हुए युवक को दबोच लिया और उसके पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमे से 221 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी कीमत करीब 66 लाख 30 हजार आंकी जा रही है।
इसके साथ ही तस्कर के पास से बेची गई स्मैक के 14 हजार 520 रूपये सहित एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद हुआ। बताया जा रहा कि पकड़ा गया युवक वजय सिंह नेगी पुत्र स्व. राम सिंह मूलरूप से ग्राम बैड़ा, थाना द्वाराहाट जिला अल्मोड़ा व हाल निवासी गंगा कॉलोनी, गुलाटी चिकन वाली गली में किराए पर रहता है। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली व मुखानी में एक-एक मुकदमा दर्ज है। एसएसपी ने गुडवर्क करने वाली टीम को 15 सौ रूपये ईनाम की घोषणा की। टीम में एसआई कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह रौतेला, कुन्दन सिंह कठायत, कांस्टेबल भानु प्रताप ओली, अशोक सिंह रावत, भूपेन्द्र सिंह जेष्ठा, महिला कांस्टेबल भावना जोशी शामिल रहे।



