ऑरेंज अलर्ट: नैनीताल जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 20 जुलाई को रहेंगे बंद

हल्द्वानी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 20 जुलाई 2026 के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने नैनीताल जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने 20 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जनपद नैनीताल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बिंदु:
- तारीख: 20 जुलाई 2026 (सोमवार)
- कारण: ऑरेंज अलर्ट और भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी
- बंद रहेंगे: कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी व निजी विद्यालय तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र
- जिला: नैनीताल




