nainital–भवाली में दर्दनाक हादसा : गहरी खाई में गिरी कार, पांच की मौत, एक बच्चा भी शामिल

नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेनेटोरियम -रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग उत्तर प्रदेश के बरेली से उत्तराखंड घूमने आए श्रद्धालु थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टी सी के निर्देश पर पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और SDRF ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।
मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे और राहत कार्य की निगरानी करते रहे।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका वाहन के नियंत्रण खोने की बताई जा रही है, हालांकि तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मृतकों की शिनाख्त और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया जारी है।




