हल्द्वानी में पुलिस ने एक करोड़ 85 लाख की स्मैक पकड़ी, गजब सिंह और सीताराम गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। मिशन ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने 618 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपये आंकी गई है। बहुउद्देशीय भवन में शुक्रवार को एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता करते हुए स्मैक तस्करी का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि बीते 4 जून को काठगोदाम क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट दो संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और राजस्थान नंबर की हुंडई ऑरा कार बरामद हुई।

यह भी पढ़ें 👉  कब्र खुदेगी सुशीला तिवारी अस्पताल के डॉक्टर करेंगे पोस्टमार्टम- पिता की अर्ज़ी पर हाईकोर्ट का आदेश

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 27 वर्षीय गजब सिंह और उसके सगे भाई 37 वर्षीय सीताराम के रूप में हुई है। गजब सिंह के पास से 311 ग्राम तथा सीताराम के पास से 307 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के खिलाफ कोतवाली काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सीताराम ने बताया कि वह टैक्सी चालक है और उसका ससुराल मुक्तेश्वर के जाड़ापानी क्षेत्र में है। दोनों भाई राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे और काठगोदाम रेलवे स्टेशन के आसपास किसी व्यक्ति को इसकी खेप सौंपने की योजना थी। इसके बाद उन्हें मुक्तेश्वर जाना था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani-नैनीताल जनपद में SIR अभियान 8 जून से, आपको एक ज़रूरी काम करना है

वहीं सीताराम के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी ने इस कार्रवाई को जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताते हुए पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में नशे के विरुद्ध अभियान चलाते हुए 31 मामलों में 35 तस्करों को गिरफ्तार कर 2.181 किलोग्राम से अधिक स्मैक बरामद की है। इसके अलावा चरस, गांजा, डोडा और नशीले इंजेक्शनों की बरामदगी के मामलों में भी कई आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। टीम में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन सहित एसओजी और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Ad