हल्द्वानी में जानलेवा खूनी हमला कर फरार हुए तीनों भाइयों को पुलिस ने दबोचा

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। तीनपानी क्षेत्र में चापड़ और छुरे से जानलेवा हमला करने वाले तीनों आरोपियों को हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद फरार हुए आरोपियों तक पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के जरिए पहुंची। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को तीनपानी निवासी यमन प्रकाश ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि शनि मंदिर के पास सोनकर फार्म के निकट गौरव महतोलिया, सौरभ महतोलिया और सचिन महतोलिया ने उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद उसके भाई पर चापड़ और छुरे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  चप्पल और बिच्छू घास से मनचलों का इलाज...किशोरियों ने मुंह भी काला कर दिया

शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 256/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार दबिश दी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी-गौशाला में भूख-प्यास से दम तोड़ रहे गौवंश, लोगों में गुस्सा

कार्रवाई के दौरान 31 जुलाई को गौरव महतोलिया और सचिन महतोलिया को मंगलपड़ाव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद फरार चल रहे तीसरे आरोपी सौरभ महतोलिया को 1 अगस्त को भोटियापड़ाव टैक्सी स्टैंड से दबोच लिया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3 (5) बीएनएस भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Ad