हल्द्वानी में सनसनीखेज फायरिंग: हत्या के प्रयास में आरोपी गिरफ्तार, रिवॉल्वर बरामद

हल्द्वानी के सुभाष नगर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और पीड़ित अपने पोते के साथ बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 अप्रैल 2026 को कमल परमार पुत्र डुंगर सिंह परमार, निवासी कपूर आटा चक्की, सुभाष नगर, हल्द्वानी ने अपने साथियों योगेन्द्र परमार और सुदर्शन परमार के साथ थाना कोतवाली हल्द्वानी में लिखित तहरीर दी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 7 बजे मनीष परिहार नामक व्यक्ति ने अपनी कार (संख्या UK04AQ-3663) से आकर कमल परमार को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। गोली उनके मकान की सीढ़ियों पर जा लगी।
तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 139/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देशन में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार (उम्र 45 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर फेस-E, डहरिया, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर रिवॉल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता, कांस्टेबल ललित नाथ और कांस्टेबल मुकेश सिंह शामिल रहे।



