हल्द्वानी में सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, विचार गोष्ठी आयोजित

हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिवस बुधवार को समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के आजाद नगर स्थित कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के पौत्र द्वारा अखिलेश यादव के नाम का केक काटकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। इसके बाद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव जैसे नेता विरले ही जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में उत्तर प्रदेश के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बनकर अखिलेश यादव ने इतिहास रचा और अपने कार्यकाल में सड़क, एक्सप्रेसवे, फ्लाईओवर, मेट्रो, अस्पताल, स्कूल, पार्क, एंबुलेंस सेवा सहित अनेक विकास कार्य कराए। उन्होंने समाजवादी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी को मजबूत करने के लिए अभी से सक्रिय होना होगा।
कार्यक्रम में जावेद सिद्दीकी, दीपक अग्रवाल, उमैर मतीन, पार्षद महबूब आलम, अरशद अय्यूब, समीर मिकरानी, अलीम अंसारी, राजेश जायसवाल, जावेद मिकरानी, शकील अंसारी, संजय गुप्ता, पप्पू फूल वाले, अशरफ खान, कलीम उर्फ टोनी, शाहिद खान, जीशान अंसारी, मन्नू कुरैशी, रईस अहमद, इकरार हुसैन, अथर खान, नाजिम खान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




