हल्द्वानी में एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने किया पुलिस बहुउद्देशीय भवन का वार्षिक निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रविवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, ऑनलाइन सेवाओं को सुचारु बनाए रखने और जनता से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने भवन में संचालित साइबर सेल, डीसीआरबी, शिकायत प्रकोष्ठ, फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट, टेक्निकल सेल, सूचना सेल, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, मोबाइल ऐप शाखा, सिटी कंट्रोल रूम और सीसीटीवी यूनिट का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले 20 नामी प्रतिष्ठानों पर लाखों जुर्माना

इस दौरान विभिन्न शाखाओं में उपयोग किए जा रहे तकनीकी उपकरणों, ऑनलाइन सॉफ्टवेयर और रिकॉर्ड प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया गया। साइबर सेल और फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने ऑनलाइन ठगी से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और रिकवरी दर बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भ्रामक और आपत्तिजनक सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया।

शिकायत प्रकोष्ठ और मोबाइल ऐप शाखा में आमजन से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। इसके अलावा सिटी कंट्रोल रूम और सीसीटीवी यूनिट में शहर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहकर ड्यूूटी करने के निर्देश दिए गए। डीसीआरबी शाखा में अपराध अभिलेख, गुमशुदगी रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसपी क्राइम डा. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल और सीओ अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Ad