हल्द्वानी…डिग्री कॉलेज के पास रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, दमकल ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

हल्द्वानी। महानगर में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच रविवार को नैनीताल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक रेस्टोरेंट परिसर में भड़की और देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास के प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए। काफी देर तक चले अभियान के बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में सफल रही। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन रेस्टोरेंट को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में हल्द्वानी में आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पूर्व अमेजन के गोदाम में लगी भीषण आग में दो युवकों की मौत हो गई थी। ऐसे में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




