बारिश के पानी से भरे खाली प्लॉट में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर। गंगे बाबा रोड स्थित एक नर्सरी के पीछे बारिश के पानी से भरे खाली प्लॉट में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चों की उम्र करीब पांच से छह वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बड़े गुरुद्वारे के पास स्थित खाली प्लॉट में बारिश का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान देव और मयंक नाम के दोनों बच्चे खेलते-खेलते पानी में उतर गए और गहरे पानी में डूब गए। काफी देर तक बच्चे दिखाई नहीं देने पर स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की और दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर तहसीलदार पंकज चंदोला, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन, नगर निगम और संबंधित प्लॉट स्वामियों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए मांग की कि बारिश के दौरान जलभराव वाले खाली प्लॉटों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य किए जाएं। साथ ही लंबे समय से जलभराव वाले असुरक्षित प्लॉटों के स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Ad