टांडा जंगल में दो लोगों को हाथी ने कुचल दिया….वन्यजीव मानव संघर्ष की एक और दर्दनाक घटना

लालकुआं। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज स्थित शाह पठानी खत्ता क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों पर जंगली हाथी ने हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत व जांच कार्य शुरू किया गया। मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति 75, निवासी हुंकारखाप, जबड़ा, जिला चतरा झारखंड के रूप में हुई है। मृतक लोगों के खेतों में चौकीदारी का कार्य करता था। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दूसरा व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था और क्षेत्र में ही घूमता रहता था।
घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा और वन विभाग के रेंजर रूपनारायण गौतम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों को भी जंगल के आसपास अकेले न जाने की सलाह दी गई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है। वन विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।



