हल्द्वानी में सड़कों की दुर्दशा पर शहरी मंत्री राम सिंह कैड़ा की अधिकारियों को कड़ी हिदायत

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने पेयजल, सीवर, गैस पाइपलाइन, विद्युत केबल या ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए सड़कें खोदी हैं, वे पहले उन्हें तत्काल दुरुस्त करें, उसके बाद ही नई खुदाई की जाए।

मंत्री ने मानसून को देखते हुए नालों की सफाई, डिसिल्टिंग, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, निचले क्षेत्रों में पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों के पैचवर्क, इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही फुटपाथों और सड़कों से अतिक्रमण हटाने तथा वेंडिंग जोन चिन्हित करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी के विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की योजनाओं पर कार्य चल रहा है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को प्रत्येक सप्ताह प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त को उपलब्ध कराने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, विचार गोष्ठी आयोजित

बैठक के बाद मंत्री ने काठगोदाम स्थित कालाटैक्स क्षेत्र में एडीबी परियोजना के तहत चल रहे सीवरेज, नहर, सड़क और गैस पाइपलाइन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के गड्ढों को शीघ्र भरने, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग व पर्याप्त साइनेज लगाने तथा जमरानी बांध परियोजना की नहर की कविरंग (कवरिंग) का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।

Ad