हल्द्वानी में बंद घरों पर रखते थे नजर, पुलिस ने पूरा गैंग दबोचा_शातिरों के राज़ खुले

हल्द्वानी में चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने सपेरों के एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गैंग बंद घरों की रेकी कर लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ करता था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के जेवरात और कीमती सामान बरामद किए हैं।
पूरे मामले का खुलासा करते हुए डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि हाल ही में हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई थीं, जिनके बाद पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की।
बंद घरों की करते थे रेकी, फिर करते थे चोरी
पहला मामला 5 मई 2026 का है, जब हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई कि उनके कोटाबाग जाने के दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
वहीं दूसरा मामला थाना मुखानी क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोरों ने घर का लॉक तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी कर ली थी।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि हरिद्वार नंबर की बाइक पर घूम रहे कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे।
बेल बाबा मंदिर के पास दबोचे गए आरोपी
संयुक्त पुलिस टीम ने 9 मई 2026 को बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान _ प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप,, गुरविंदर,, रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार में सपेरे का काम करते हैं और घूमने के बहाने नैनीताल आए थे। हल्द्वानी में होटल में रुकने के बाद उन्होंने बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
25 लाख के गहने और बर्तन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान बरामद किया है। बरामद माल में हार, चैन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, पायल, चोकर, कमरबंद, बिछुवे सहित कई कीमती जेवर शामिल हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
एसएसपी ने टीम को किया सम्मानित
चोरी की घटनाओं का तेजी से खुलासा करने पर डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद इनाम से सम्मानित किया।
इस कार्रवाई में कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।




