Uttar Pradesh News––गोरखपुर से रोंगटे खड़े करने वाला मामला… 12 साल के किशोर ने शराब पीकर देखा पॉर्न…इसके बाद वो हैवान बन गया….

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक 12 साल के लड़के ने अपनी 9 महीने की भांजी के साथ रेप किया. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पहले शराब पी, फिर अपने मोबाइल फोन पर पॉर्न देखने लगा. इसके बाद बहन के पास सो रही 9 महीने की मासूम भांजी को उठाकर घर से निकल गया. लगभग 500 मीटर दूर खेत में उसका रेप किया और छोड़कर फरार हो गया. बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पूरा मामला गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र का है. पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार, 19 जून की रात वह अपनी 9 महीने की बेटी के साथ सो रही थी. रात करीब 2 बजे उसकी नींद खुली तो बच्ची बिस्तर पर नहीं थी. इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला.
सुबह जब गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ गए तो उन्हें घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में बने टीनशेड के पास खून से लथपथ बच्ची मिली. बच्ची बेहोश थी. उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे. यह देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इसके बाद पुलिस ने मेडिकल जांच कराई और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का मुआयना किया. जांच के दौरान पुलिस को कुछ सुराग मिले. शक होने पर पुलिस ने बच्ची के मामा से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्ची का सगा मामा है.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में था. उसी हालत में वह आधी रात को बच्ची को उसकी मां के पास से उठाकर पड़ोस के खेत में ले गया. वहां उसने बच्ची के साथ रेप किया. इसके बाद वह बच्ची को टीनशेड में छोड़कर भाग गया.
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि बच्ची को मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. उन्होंने बताया कि बच्ची की हालत सामान्य है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.



