हल्द्वानी के गौलापार में नही, यहां पर बनेगा उत्तराखंड हाईकोर्ट, सरकार की नई प्रेस रिलीज़ जारी

हल्द्वानी। उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए परिसर को लेकर चल रही अटकलों पर सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। न्याय विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, हाईकोर्ट का नया कैंपस हल्द्वानी-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-05) पर बेल बाबा मंदिर के सामने, तराई पूर्वी वन प्रभाग की लामाचौड़ (भाखड़ा रेंज) क्षेत्र की भूमि पर विकसित किया जाएगा।
प्रेस नोट के मुताबिक, वर्ष 2023 में मंत्रिमंडल ने नैनीताल से हाईकोर्ट को स्थायी रूप से हल्द्वानी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था। इसके लिए पहले 26.08 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई थी। बाद में हाईकोर्ट की आवश्यकता और जिलाधिकारी नैनीताल के निरीक्षण के आधार पर कुल 73 हेक्टेयर वन भूमि में से 40 हेक्टेयर भूमि हाईकोर्ट परिसर के लिए हस्तांतरित करने का अनुरोध किया गया।
सरकार ने इसी प्रस्ताव के अनुरूप 40 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरण का निर्णय लिया है।
हाल ही में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में गौलापार का उल्लेख होने से भ्रम की स्थिति बन गई थी। न्याय विभाग ने नई प्रेस रिलीज जारी कर स्पष्ट किया है कि हाईकोर्ट का परिसर गौलापार में नहीं, बल्कि रामपुर रोड स्थित बेल बाबा मंदिर के सामने लामाचौड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा।



