उत्तराखण्ड-पति के सिर पर तवा दे मारा, मौत हो गयी, पत्नी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

बाजपुर। पत्नी ने अपने पति के सर पर तवे से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। बाजपुर के सुभाष सिंह वार्ड नंबर आठ निवासी चंद्र प्रकाश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर में रहता था। गुरुवार सुबह चंद्र प्रकाश और उसकी पत्नी कंचन के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान कंचन ने अपने पति चंद्र प्रकाश के सर पर लोहे के तवे से हमला कर दिया। जिससे चंद्र प्रकाश की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मृतक चंद्र प्रकाश के पिता शंकर सिंह ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने चंद्र प्रकाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी।

जिसके बाद शंकर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी बहू पर एक बाहरी व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग करने का आरोप लगाया। तहरीर में शंकर सिंह ने महिला पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहू आए दिन किसी अन्य व्यक्ति के साथ फोन पर बात करती थी। जिसकी जानकारी जब उसके पुत्र को पता चली तो उसके बाद से उसके पुत्र और उसकी बहू के बीच विवाद होता रहता था। इस दौरान उन्होंने अपनी बहु पर किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम प्रसंग के चलते चंद्रप्रकाश की हत्या करने का आरोप लगाया है। इस दौरान बाजपुर कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि एक महिला द्वारा अपने पति की हत्या की गई है। जिसमे मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच की जा रही है जिसके बाद अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Ad