अल्मोड़ा में भयानक हादसा, कार के परखच्चे उड़े तीन लोगों की मौत

अल्मोड़ा- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से बेहद दर्दनाक और दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भिकियासैंण क्षेत्र में रापड़-गगोडा-चमडखान-सोनी रानीखेत मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। काफी मशक्कत के बाद शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि कार रानीखेत की ओर जा रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में समा गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।



