‘हनुमान अंश’ फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स-फ्री कर मुख्यमंत्री धामी ने सनातन धर्म का किया सम्मानः महेन्द्र नागर

हल्द्वानी। बाबा श्री नीब करौरी महाराज के दिव्य जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देवभूमि उत्तराखंड में मुख्यमंत्राी पुष्कर सिंह धामी की सरकार द्वारा टैक्स-फ्री घोषित किए जाने पर शिवाया फिल्म प्रोडक्शन के निर्माता-निर्देशक महेन्द्र नागर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। नागर ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी ने बाबा की फिल्म को टैक्स-फ्री कर सनातन धर्म का सम्मान किया है। यह केवल एक फिल्म को टैक्स-फ्री करना नहीं, बल्कि कैंची धाम की आध्यात्मिक विरासत और करोड़ों भक्तों की आस्था का सम्मान है।
फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बिना बड़े प्रचार सिर्फ बाबा के संदेश प्रेम, सेवा और विनम्रता को आधार बनाकर यह फिल्म बनाई। मात्र 2 करोड़ की लागत से बनी यह फिल्म पहले दिन केवल 10 लाख कमा पाई और कई सिनेमाघरों से इसे हटा दिया गया था। लेकिन यह बाबा की ही कृपा है कि भंडारों और माउथ पब्लिसिटी से फिल्म ने तीसरे हफ्ते से पलटवार किया और आज 27 से 54 करोड़ तक कमा कर ब्लॉकबस्टर बन गई है।
निर्देशक और कलाकारों की सराहना करते हुए नागर ने बताया कि बाबा के किरदार में शोभिनव सत्या ने आत्मा डाल दी है। शोभिनव जी पहले इस फिल्म में सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर थे, लेकिन मुख्य अभिनेता की तबीयत खराब होने पर विशाल जी ने उनका 5 घंटे ऑडिशन लेकर मुख्य भूमिका दी। आज पूरा देश उनकी एक्टिंग का कायल है।




